जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना की गाड़ी खाई में गिरी, 10 जवान शहीद, 11 घायल

खबर शेयर करें 👉

डोडा (जम्मू कश्मीर)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भारतीय सेना की एक गाड़ी भद्रवाह–चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

सेना के अधिकारियों के अनुसार, वाहन में कुल 21 जवान सवार थे। सभी जवान डोडा से ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही सेना और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और कठिन परिस्थितियों के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को हेलिकॉप्टर की मदद से घटनास्थल से एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर से बेहतर इलाज के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हादसे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सहित कई नेताओं ने गहरा दुख जताया और शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। इस हादसे से पूरे देश में शोक की लहर है। शहीद जवानों की कुर्बानी को देश हमेशा याद रखेगा।

Ad