न्यूज निरपेक्ष, हल्द्वानी। रामपुर रोड पर आईटीआई के पास दुग्ध वाहन से भिड़ंत में बुलेट सवार आदित्य सिंह बिष्ट (22) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दुग्ध वाहन टाटा ऐस का चालक फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक आदित्य सिंह बिष्ट, निवासी संगम विहार फेस-3 छड़ायल नायक शुक्रवार को अपने मित्र कुनाल के साथ बुलेट से रामपुर रोड चुंगी की ओर आ रहा था। इसी दौरान आईटीआई तिराहे पर गली से अचानक निकले एक दुग्ध सप्लाई करने वाले टाटा ऐस वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर मेडिकल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुनाल का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल के पास की दुकानों से सीसीटीवी फुटेज खंगाली है, जिसमें टाटा ऐस और बुलेट की टक्कर साफ दिखाई दे रही है। हादसे के बाद टाटा ऐस चालक घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मेडिकल चौकी प्रभारी बीएस मेहता ने बताया कि टाटा ऐस वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा कि मृतक आदित्य के पिता नाइजीरिया में कार्यरत हैं, जबकि मां और भाई पहाड़ गए हैं। आदित्य ने बुलेट किसी परिचित से मांगी थी। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें