न्यूज निरपेक्ष, देहरादून। उत्तराखंड में आज से जमीन खरीदना महंगा हो जाएगा। सरकार ने प्रदेश में नये सर्किल रेल जारी कर दिए हैं। साथ ही सभी जिलाधिकारियों को नये सर्किल रेट लागू करने के आदेश दे दिए हैं। वित्त सचिव दिलीप जावलकर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कुछ जिलों में नये सर्किल रेट लागू करने के आदेश जारी हो गए हैं। सर्किल रेट की नई दरों के बाद राज्य में भूमि व भवन खरीदना थोड़ा महंगा हो जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जमीनों के वर्तमान सर्किल रेट में 8 से 22 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। प्रदेश में दो साल बाद सर्किल रेट में बदलाव किया गया है। इससे पहले वर्ष 2023 में सर्किल रेट संशोधित किए गए थे। इस बार सर्किल रेट संशोधन का आधार भी वर्ष 2023 के फार्मूले को ही बनाया गया है। इसके तहत, ऐसे क्षेत्र जो तेजी से विकसित हो रहे हैं और उनमें नई सड़क प्रोजेक्ट, नये संस्थान बन रहे हैं, वहां सर्किल रेट में अधिक वृद्धि की गई है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में सर्किल रेट को यथावत रखा गया है। शासन के अनुसार सोमवार को सर्किल रेट का विस्तृत ब्योरा जारी कर दिया जाएगा। मालूम हो स्टाम्प विभाग में सर्किल रेट का ब्योरा बीते जनवरी माह में ही तैयार हो गया था लेकिन पहले पंचायत चुनाव और बाद में आपदा के कारण सरकार ने इसे लागू नहीं किया। अब स्थिति सामान्य होने पर इसके आदेश कर दिए गए हैं।

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें