कैम्पटी फॉल उफनाया, दुकानों में घुसा मलबा, बचाए सौ से अधिक सैलानी

खबर शेयर करें 👉

न्यूज निरपेक्ष, मसूरी। रविवार शाम मूसलाधार बारिश के बीच कैम्पटी फॉल में उफान आ गया। पानी के साथ बड़े-बड़े पत्थर आने से वहां दुकानदारों और एक सौ से अधिक पर्यटकों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मलबा आसपास की दुकानों में घुस गया। सैलाब में ढाबों के बर्तन, मेज-कुर्सियां, राशन, गैस सिलेंडर आदि सामान बह गया। झरने के पास लगभग दो दर्जन दुकानों को नुकसान पहुंचा है। झरने के ऊपर पर्यटकों के लिए बने हवाघर भी मलबे से पटे हैं। हालात बिगड़ते देख पुलिस जवानों ने रस्सियों के सहारे एक सौ से अधिक सैलानियों को वहां से सुरक्षित निकाल लिया।
जिलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कैम्पटी में काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल वहां पर्यटकों की आवाजाही बंद कर दी गई है। साथ ही मलबा हटाने तथा मरम्मत का कार्य भी शुरू किया जा रहा है। फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से फॉल के आसपास पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है। सोमवार को कैम्पटी का पूरा बाजार बंद रहा। तबाही के कारण फॉल के आसपास सन्नाटा पसरा है। इधर फॉल के उफनाने से रोपवे का एक पिलर भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिस कारण कैम्पटी में रोपवे का संचालन भी फिलहाल बंद कर दिया गया है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार वर्ष 2011 और 2013 में भी झरने ने विकराल रूप धारण किया था, लेकिन तब इतना नुकसान नहीं हुआ, जैसा इस बार हुआ है। कैम्पटी फॉल बंद कर देने से पर्यटक मायूस हैं। जिले के कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने लोगों से फॉल से दूर रहने की अपील की है। इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासन को कैम्पटी फॉल में हुई क्षति का आंकलन कर सुधारीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।