न्यूज निरपेक्ष, हल्द्वानी। आसन्न 14 अगस्त को होने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा के बाद रविवार को कांग्रेस ने भी नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने रामगढ़ की पूर्व ब्लॉक प्रमुख पुष्पा नेगी को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए ज्योलीकोट-खुर्पाताल की जिला पंचायत सदस्य देवकी बिष्ट को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है।
यहां एक होटल में आयोजित बैठक में उक्त नामों की घोषणा की गई। विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य की मौौजूदगी में हुई बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा धनबल का प्रयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, आरक्षण में बड़ा घालमेल कर पंचायत चुनाव पर कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस इस चुनाव में जीत दर्ज करेगी और “दूध का दूध, पानी का पानी” हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लोकतंत्र में तानाशाही बर्दाश्त नहीं होगी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल, जिला पंचायत सदस्य पूनम बिष्ट व देवकी बिष्ट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दीपा दर्मवाल को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। चुनाव को लेकर जोड़तोड़ शुरू हो गई है। सत्ताधारी भाजपा जहां इस सीट पर कब्जा बरकरार रखने के लिए रणनीति बना रही है, वहीं कांग्रेस को उम्मीद है कि इस बार अध्यक्ष का पद उसके खाते में आएगा। अब सभी की निगाहें 14 अगस्त को होने वाले मतदान पर टिकी हैं। देखना होगा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद का का ताज किसके सिर सजेगा।

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें