जिला पंचायत सदस्यों की बरामदगी को कांग्रेस का पुलिस दफ्तर पर धरना- प्रदर्शन

खबर शेयर करें 👉

एसपी सिटी ने रात तक सभी सदस्यों को सकुशल बरामदगी का दिलाया भरोसा

न्यूज निरपेक्ष, हल्द्वानी। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान पुलिस की मौजूदगी में पांच जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण और उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी उनकी सकुशल वापसी न होने के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेसियों ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य के नेतृत्व में एसएसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप के साथ ही पार्टी विशेष के लिए कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अपहृत सदस्यों को सुरक्षित वापस नहीं लाया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश,पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन नेगी ने पुलिस और प्रशासन पर भाजपा के एजेंट के रुप में काम करने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस के अधिकारी पांच जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण करने वालों को संरक्षण दे रहे हैं। भारी हंगामे और जोरदार नारेबाजी के बाद एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण में पुष्पा नेगी की तहरीर पर 9 नामजद व कुछ अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लापता सदस्यों को बरामद करने के लिए टीम बना दी गई हैं। एसपी सिटी के इस आश्वासन पर कांग्रेस नेता संतुष्ट नहीं हुए। बाद में कांग्रेस नेताओं की फिर एसपी सिटी से वार्ता हुई। एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र ने आश्वासन दिया कि आज रात 12 बजे तक सभी लापता जिला पंचायत सदस्यों को सकुशल घर पहुंचा दिया जाएगा। इस आश्वासन पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन नेगी ने कहा कि यदि सभी सदस्य रात 12 बजे तक घर नहीं पहुंचे तो कल फिर हल्द्वानी पुलिस कार्यालय पर प्रदर्शन के साथ धरना दिया जाएगा।

Ad