अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य में योग मेले व योग आधारित प्रतियोगिताएं होंगी
न्यूज निरपेक्ष, देहरादून। योग अभियान ग्राम स्तर तक चलाया जाए। विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष योग शिविरों का आयोजन हो। योग पर निबंध, भाषण, पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाए। योग और आयुष मेले के आयोजन के साथ ही हरित योग के कार्यक्रम भी किए जाएं। योग के साथ नियमित स्वच्छता अभियान भी चलाया जाए। यह निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि योग को रोजगार से जोड़ने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग न केवल हमारी प्राचीन परंपरा है, बल्कि यह आज की जीवनशैली में संतुलन और स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम भी है। हमें युवाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम लोगों को इस आयोजन से जोड़ना होगा।सीएम धामी ने कहा कि मातृशक्ति को योग से जोड़ा जाए। योग और ध्यान के साथ ही वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि और योग भूमि के रूप में उत्तराखंड की वैश्विक स्तर पर पहचान है। उन्होंने कहा कि योग का आध्यात्मिक रूप से भी प्रस्तुत किया जाए। राज्य के प्रमुख दैवीय स्थलों और पर्वतीय क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर योग के कार्यक्रम किए जाएं। मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, युवा कल्याण विभाग, पर्यटन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सूचना विभाग एवं जिला प्रशासन को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, रविनाथ रमन, सचिन कुर्वे, एडीजी एपी अंशुमन, अपर सचिव विजय जोगदंडे व महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें