पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर जा रहे गैंगस्टर विनय त्यागी पर फायरिंग, घायल

खबर शेयर करें 👉

न्यूज निपरेक्ष, हरिद्वार। रुड़की जेल से पुलिस अभिरक्षा में लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए ले जाए जा रहे गैंगस्टर विनय त्यागी पर बुधवार को दिनदहाड़े हमला हो गया। लक्सर क्षेत्र के फ्लाईओवर पर जाम के दौरान बाइक सवार दो हमलावरों ने पुलिस वाहन के पास पहुंचकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

 हमले में विनय त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं। मेरठ के जागृति विहार निवासी विनय त्यागी पिछले 12 दिनों से रुड़की जेल में बंद था। उसे 12 दिसंबर को देहरादून से रुड़की जेल लाया गया था। लक्सर की अदालत में उसके खिलाफ कार और ज्वेलरी लूट का मामला विचाराधीन है, जिसमें बुधवार को वी-वारंट पर पेशी होनी थी। इसके लिए चार पुलिसकर्मी उसे सरकारी वाहन से कोर्ट लेकर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर पर जाम लगा होने के कारण पुलिस वाहन रुका हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वाहन के पास आए और खिड़की से फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घायल गैंगस्टर और पुलिसकर्मियों का उपचार हायर सेंटर में चल रहा है। हमलावरों की तलाश में पूरे जिले में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। लक्सर कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Ad