बालिका से दुष्कर्मः नैनीताल में मारपीट- तोड़फोड़, गुरुवार को बंद रहे स्कूल, निकाला जुलूस

खबर शेयर करें 👉

न्यूज निरपेक्ष, नैनीताल। नगर निवासी 12 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म की खबर के बाद सरोवर नगरी में बुधवार रात बवाल हो गया। समुदाय विशेष के बुजुर्ग द्वारा दुष्कर्म करने की सूचना फैलते ही हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने समुदाय विशेष के लोगों की दुकानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान दो पक्षों में मारपीट भी हुई। इस दौरान समुदाय विशेष के लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने धार्मिक स्थल पर पथराव भी किया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। कुछ ही देर में पूरा बाजार बंद हो गया। सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। इस बीच भीड़ ने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करते हुए मल्लीताल कोतवाली घेर ली। साथ ही धरना शुरू कर दिया।
लोगों ने हंगामा करते हुए समुदाय विशेष के लोगों की दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। कुछ वाहनों को भी निशाना बनाया। कुछ दुकानदारों से मारपीट भी की गई। बचाने की कोशिश करने वालों पर भी डंडे बरसाए। उपद्रव पर नियंत्रण के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। हंगामे के बाद मल्लीताल बाजार से तल्लीताल तक एक समुदाय की दुकानें बंद हो गई। देर रात तक लोग आरोपी को कोतवाली से बाहर निकालने की मांग करते रहे। इसके लिए जमकर नारेबाजी भी की गई। बवाल देख एसपी डॉ. जगदीश चंद्र समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस शांति व्यवस्था बनाने के लिए आसपास के थानों से पुलिस बुला ली है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दुष्कर्म का शिकार हुई बालिका की मां रिश्तेदारी में बाहर गई थी। पति और बच्चे यहीं थे। ऐसे में अपने घर का कामकाज कराने के लिए तीन दिन पहले बुजुर्ग ने महिला की बेटी को अपने यहां बुला लिया था। उसने बालिका को 200 रुपये भी दिए। अगले दिन वह किशोरी को अपनी कार में ले गया और दुष्कर्म किया। किशोरी के घरवालों को जब जानकारी हुई तो बुधवार को उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
75 साल के बुजुर्ग ठेकेदार उस्मान पर दुष्कर्म का आरोप लगा है, उसका बेटा यहां के सरकारी अस्पताल में ही डॉक्टर है। उसी अस्पताल में किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने की जब तैयारी की गई तो लोग भड़क गए। उनका कहना था कि इस अस्पताल में मेडिकल परीक्षण सही नहीं होगा। उन्होंने पुलिस पर भी आरोपी बुजुर्ग को बचाने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि आरोपी बुजुर्ग नगर में वर्षों से रजिस्टर्ड ठेकेदार के रूप में विभिन्न विभागों में कार्य करता है। इधर गुरुवार को भी नगर में तनाव के हालात बने रहे। नगर के अधिकांश स्कूल कॉलेज एहतियातन बंद रखे गए। इधर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने नगर में जुलूस निकालकर घटना पर आक्रोश जताया। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कीहै। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी की मदद से मारपीट और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। किसी को भी कानून-व्यवस्था नहीं बिगाड़ने दी जाएगी।