उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर हादसाः छह यात्रियों की मौत, एक घायल

खबर शेयर करें 👉

न्यूज निरपेक्ष, उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह दर्दनाक बड़ा हवाई हादसा हो गया। गंगनानी के पास एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर एरो ट्रिंक प्राइवेट कंपनी का था। इसने गुरुवार सुबह आज सुबह सहस्त्रधारा हेलीपैड से हर्षिल के लिए उड़ान भरी थी। हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा पांच महिलाएं, व दो पुरुष समेत कुल सात लोग सवार थे। मृतकों में एक यात्री आंध्र प्रदेश, एक यूपी तथा तीन महाराष्ट्र तथा पायलट गुजरात से बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू कर दिया। राहत कर्मियों ने हेलीकॉप्टर के मलबे से शवों को बाहर निकाला।

मृतकों में काला सोनी (61) मुंबई, विजया रेड्डी (57) मुंबई, रुचि अग्रवाल (56) मुंबई, राधा अग्रवाल (79) यूपी, वेदवती कुमारी (48) आंध्र प्रदेश व पायलट रॉबिन सिंह (60) गुजरात की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मस्तू भास्कर (51) आंध्र प्रदेश गंभीर रूप से घायल हुए हैं। साथ ही घायल मस्तू को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसा दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में होने से राहत व बचाव कार्यों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। माना जा रहा है कि खराब मौसम अथवा तकनीकी खराबी के कारण हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हुआ है। जिला प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। कंपनी के साथ ही मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रतिसंवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से सभी जरूरी कदम उठाने को कहा है।