-कैंची धाम में आतंकी विस्फोट की आशंका पर सुरक्षा बलों ने किया राहत व बचाव का अभ्यास
न्यूज निरपेक्ष, नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम मंदिर में संभावित आतंकी खतरे से निपटने हेतु व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बम विस्फोट जैसी आकस्मिक स्थिति में पुलिस की जवाबी कार्रवाई, राहत और बचाव कार्यों की तैयारी को परखना था।
परिकल्पना के अनुसार मंदिर परिसर में लगातार तीन आतंकी विस्फोट होते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा ने हाई अलर्ट जारी कर सभी इकाइयों को सक्रिय किया। अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी भवाली श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल मौके पर पहुँचीं और इलाके को तुरंत सील करते हुए सुरक्षा बलों द्वारा पूरे परिसर की घेराबंदी कराई।
आतंकवाद निरोधक दस्ते की कार्रवाई में छिपे हुए आतंकियों में से दो मारे गए, जबकि तीन को जीवित गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए थाने भेजा गया। परिकल्पना के मुताबिक विस्फोट में एक नागरिक की मृत्यु तथा तीन लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। मोबाइल फोरेंसिक यूनिट ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए।
यह मॉक ड्रिल पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी भवाली दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। अभ्यास में स्थानीय नागरिक पुलिस, पीएससी, एसडीआरएफ, एंटी-टेरर स्क्वाड, बीडीएस, डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक यूनिट, मेडिकल, संचार एवं ड्रोन टीमों सहित मंदिर और स्थानीय प्रशासन ने सहभागिता की।

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें
