न्यूज निरपेक्ष, हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में सड़क हादसे में पैरा कमांडो की दर्दनाक मौत हो गई। पैरा कमांडो दीपक अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार दीपक जोशी (27) ऊधमसिंहनगर जिले के दिनेशपुर खुशी पार्क, जयनगर के रहने वाले थे। वर्तमान में वह चेन्नई में भारतीय सेना में बतौर पैरा कमांडो तैनात थे। परिवार के अनुसार, दीपक इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। एक जुलाई को वे अल्मोड़ा अपने एक मित्र का जन्मदिन मनाने गए थे। लौटते समय वह और उनका दोस्त अलग-अलग बाइकों पर सवार थे। पुलिस के अनुसार, अमृतपुर के पास अज्ञात वाहन ने दीपक की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। दीपक अपने दो भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और परिवार का सहारा थे। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। काठगोदाम पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे को लेकर अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें