फतेहपुर के ग्राम चौसला का है मामला, फैक्ट्री के निर्माण के दौरान किया सरकारी भूमि पर अतिक्रमण
न्यूज निरपेक्ष, हल्द्वानी। फतेहपुर के ग्राम चौसला में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण मामले में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक फतेहपुर शबनम परवीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्हें अग्रिम आदेशों तक तहसील कालाढूंगी में संबद्ध करने के आदेश जारी किए गए हैं।
मामले में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा अवगत कराया गया कि राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र फतेहपुर के अन्तर्गत ग्राम चौसला में जुलाई 2021 में फैक्ट्री का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जो मार्च 2022 में पूर्ण होना हुआ। इस मामले में सरकारी जमीन पर अतिक्रण की सूचना मिलने पर जिला मजिस्ट्रेट ने उपजिलाधिकारी कालाढूंगी को जांच हेतु नामित किया। जांच के दौरान मामले में तकनीकी व भौगोलिक तथ्यों का विश्लेषण किया गया। उपजिलाधिकारी की जांच में स्पष्ट हुआ कि उक्त निर्माण के दौरान निर्माणकर्ता द्वारा राजकीय भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि अगस्त 2018 से फरवरी 2024 तक शबनम परवीन फतेहपुर क्षेत्र में राजस्व उप निरीक्षक के रूप में कार्यरत थीं। उनके द्वारा न तो इस अतिक्रमण की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई और ना ही खसरे/पड़ताल में इसका कोई उल्लेख किया गया और न ही कोई वैधानिक कार्यवाही की गई।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि पड़ताल के समय अवैध कब्जे का विवरण प्रपत्र क-24 में दर्ज कर, राजस्व अभिलेखों में प्रविष्ट कराना तथा ज़मींदारी उन्मूलन एवं भूमि सुधार अधिनियम की धारा 122-बी के अंतर्गत वाद संस्थित कराना राजस्व उप निरीक्षक का कर्तव्य होता है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक फतेहपुर शबनम परवीन को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया जाता है तथा उन्हें अग्रिम आदेशों तक तहसील कालाढूंगी में सम्बद्व किया जाता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें