नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी गोलीबारी में एक भारतीय सैनिक शहीद हो गए। भारत-पाकिस्तान की सेना के बीच 7 मई की तड़के से गोलीबारी चल रही है। इस गोलीबारी में भारतीय सेना के जवान हरियाणा निवासी लांसनायक दिनेश कुमार शर्मा शहीद हो गए। उनकी शहादत पर मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी समेत कई नेताओं ने शोक जताया है। सीएम सैनी ने कहा कि शहीद दिनेश कुमार शहादत पर पूरे देश को गर्व है।
मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने एक्स पर लिखा ‘ऑपरेशन सिंदूर के बाद आज सुबह जम्मू के पुंछ में पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का डटकर सामना करते हुए मां भारती के वीर सपूत, हरियाणा के पलवल के बेटे, जवान दिनेश कुमार शर्मा ने सर्वोच्च बलिदान दिया। आपकी शहादत पर हर देशवासी को गर्व है। यह देश आपके त्याग को कभी भुला नहीं पाएगा। इस शहादत को मेरा नमन’। कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी शहीद दिनेश कुमार की शहादत पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि हरियाणा की धरती के वीर सपूत, भारतीय सेना के सैनिक दिनेश कुमार शर्मा ने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी तैनाती जम्मू के बारामुला में थी। उनकी वीरगति को मेरा सलाम व भावपूर्ण श्रद्धांजलि”। उल्लेखनीय है कि 6-7 मई की मध्यरात्रि को भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू कर पाकिस्तान तथा उसके कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों को एयर स्ट्राइक कर तबाह कर दिया था। इस संयमित और सटीक हमले में ग्लोबल आतंकवादी अजर मसूद के परिवार के 10 लोगों के साथ ही दर्जनों आतंकवादी मारे गए हैं। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए बुधवार ड़के से ही पाक सीमा से लगे भारतीय गांवों पर हमले शुरू कर दिए हैं। इन हमलों में 15 भारतीय नागरिकों के मारे जाने की भी खबरें हैं। भारतीय सेना के वीर जवानों की ओर से पाकिस्तानी गोलीबारी का करारा जवाब दिया जा रहा है। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिक व रेंजर ढेर हुए हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें