भीषण हादसाः ट्रक और बस की भिड़ंत में 19 कांवड़ियों की मौत

खबर शेयर करें 👉

झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार सुबह हुआ हादसा, एक दर्जन से अधिक कांवड़िये अस्पताल में भर्ती

देवघर (झारखंड)। झारखंड के देवघर जिले में ट्रक तथा बस के बीच हुई भीषण भिड़ंत में 19 कांवड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायल कांवड़ियों को तत्काल देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि कांवड़ियों से भरी तथा एलपीजी सिलेंडरों से लदे ट्रक के बीच भीषण टक्कर होने से बस में सवार 19 कांवड़ियों की मौत हो गई। साथ ही एक दर्जन से अधिक कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया इलाके में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस चालक सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस बेकाबू बस बिना चालक के ही 100 मीटर दूर तक दौड़ती रही और एक ईंट के ढेर से टकराने के बाद रुकी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। आसपास के लोगों की मदद से घायल कांवड़ियों को तत्काल देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां एक दर्जन से ज्यादा श्रद्धालु इलाज के लिए भर्ती हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्री बिहार के गया जिले के मासूमगंज इलाके के रहने वाले थे और देवघर से बासुकीधाम जा रहे थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी है। साथ ही जिला प्रशासन को सभी घायलों को उच्च स्तरीय उपचार देने के निर्देश दिए हैं।

Ad