नई दिल्ली। अमेरिका के न्यूयॉर्क में गुरुवार को एक हेलीकॉप्टर हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दिग्गज तकनीकी कंपनी सीमेंस एजी के स्पेन सीईओ अगस्टिन एस्कोबार, उनकी पत्नी और तीन बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा दोपहर बाद पियर 40 के पास हुआ।
अधिकारियों के मुताबिक अगस्टिन एस्कोबार कुछ समय पहले ही परिवार के साथ न्यूयार्क पहुंचे थे। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 2.59 बजे (अमेरिकी समय) मैनहट्टन के हेलीपोर्ट से उड़ा था। यह जॉर्ज वाशिंगटन ब्रिज की ओर जा रहा था। फिर यह जर्सी के किनारे से होते हुए दक्षिण की ओर मुड़ गया। 3.25 बजे हेलीकॉप्टर का रडार से संपर्क टूट गया। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स के मुताबिक यह उड़ान 18 मिनट से भी कम समय तक चली। बचाव टीमों ने बाद में छह शव पानी से निकाले। इनमें उनकी पत्नी मर्से कैम्परुबी मोंटाल तथा तीनों बच्चे भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर का रोटर टूट जाने से हेलीकॉप्टर बेकाबू होकर हडसन नदी में जा गिरा। हादसे में पायल समेत सभी 6 लोग मारे गए। अधिकारियों के मुताबिक अगस्टिन जिस हेलीकॉप्टर में सवार हुए थे, वह बेल 206 मॉडल था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। यह हादसा पूरे उद्योग जगत के लिए बड़ा धक्का है।
ज्ञात रहे कि सीमेंस एजी की स्थापना 1847 में हुई थी। इसके अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय बर्लिन, म्यूनिख और जर्मनी के अरलैंगेन में स्थित हैं। इस कंपनी का कारोबार दुनिया के 190 से अधिक देशों में है। सीमेंस पारंपरिक इंजीनियरिंग के साथ ही एआई, सॉफ्टवेयर और डेटा आधारित कार्यों की अग्रणी कंपनी है। सीमेंस ऊर्जा, स्वास्थ्य, परिवहन के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। इस कंपनी ने दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक ट्रेन और डायनमो जैसी तकनीकों को विकसित किया था। भारत में मुंबई मेट्रो और अन्य रेल परियोजनाओं में भी सीमेंस की तकनीक का उपयोग हुआ है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में भी यह कंपनी अहम भूमिका निभा रही है।
दिग्गज प्रोफेशनल थे अगस्टिन एस्कोबार
अगस्टिन एस्कोबार एक सम्मानित प्रोफेशनल थे। उनके पास एनर्जी और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में काम करने का 25 साल से ज़्यादा का अनुभव था। वह दिसंबर 2022 से सीमेंस स्पेन के अध्यक्ष और सीईओ थे। वह सीमेंस मोबिलिटी साउथवेस्ट यूरोप के भी सीईओ थे। उन्होंने सीमेंस के एनर्जी मैनेजमेंट डिवीजन और लैटिन अमेरिका में इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सिटीज सेक्टर का नेतृत्व किया। 2014 से 2018 के बीच वह इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सिटीज सेक्टर के भी सीईओ रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें