युवक की जान लेने तक डंसता रहा सांप, शव से लिपटा मिला

खबर शेयर करें 👉

बिस्तर पर दबने से गुस्साए सांप ने शरीर के 10 स्थानों पर डसा, परिवार में मचा कोहराम

मेरठ। जिले के एक गांव में सांप के डसने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा कि बिस्तर के नीचे दबे सांप ने युवक को 10 बार डस लिया। सांप बेहद जहरीला होने से युवक तुरंत जहर के प्रभाव में आ गया और उठ तक नहीं सका। इस दौरान दबने से गुस्साए सांप ने उसके शरीर पर 10 जगह डस लिया। हैरानी की बात है कि युवक की मौत के बाद भी सांप शव से लिपटा मिला।
जानकारी के अनुसार अमित उर्फ मिक्की बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार अमित मजदूरी करता था। रोजाना की तरह शनिवार रात 10 बजे वह मजदूरी कर घर लौटा था और खाना खाकर सो गया था। माना जा रहा है कि सांप उसके बिस्तर पर ही चादर के नीचे छिपा था और दब जाने से गुस्साए सांप ने उसे कई बार डस लिया। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घरवाले जब अमित को जगाने के लिए कमरे में पहुंचे तो वहां सांप को देख उनकी चीख निकल गई। उन्होंने देखा कि अमित बिस्तर पर बेसुध पड़ा है और सांप उसके पास ही है। परिजनों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही सपेरे को बुलाया। महमूदपुर सिखेड़ा से आया सपेरा सांप को पकड़कर ले गया। मौके पर थाना क्षेत्र की पुलिस भी पहुंच गई थी। इसके बाद परिजन युवक को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमित के शरीर पर दस जगह सांप के डसने के निशान मिले। घटना से मृतक के घर पर कोहराम मच गया। इस घटना से हर कोई स्तब्ध रह गया। उनको यकीन नहीं हो रहा कि कोई सांप एक व्यक्ति को दस बार डस सकता है। हालांकि सर्प विशेषज्ञों का कहना है कि अपने बचाव में गुस्साया सांप कई बार हमला कर सकता है। अमित चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। वह शादीशुदा था और तीन बच्चों का पिता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।