विधायक बंशीधर भगत बोले- मालिकाना हक न मिलने तक मिलती रहें जरूरी सुविधाएं
न्यूज निरपेक्ष, हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित दमुवाढूंगा वासियों को भूमि मालिकाना हक दिलाने के सम्बन्ध में शनिवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत व दमूवाढूंगा वासियों के साथ कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में बैठक की। इस दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि दमुवाढूंगा को 2016 में राजस्व ग्राम घोषित कर दिया गया था। सर्वे के आदेश भी जारी कर दिए गए थे। वर्ष 2020 में घनी आबादी होने के कारण सर्वे कार्य में अड़चनें आ रही थी जिसके चलते सर्वे के कार्य को वापस लेना पड़ा। बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा स्वामित्व योजना अंतर्गत दमुवाढूंगा का सर्वे किया जाएगा। इस संबंध में कार्यवाही गतिमान है।
बैठक में उप जिला अधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह ने अवगत कराया कि जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा का कुल क्षेत्र 225.34 हेक्टेयर भूमि है, जिसे वर्ष 2016 में राजस्व ग्राम घोषित कर दिया गया था। जिसमें कुल क्षेत्रफल का 75% आबादी और 10 फीसदी कृषि भूमि है। साथ ही उप जिलाधिकारी हल्द्वानी ने यह भी स्पष्ट किया कि धारा 48 के अंतर्गत नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा जो शासन द्वारा जारी होगा। उन्होंने बताया कि सर्वे प्रस्तावित कर दी गई है। बैठक में कुमाऊं आयुक्त ने सचिव जिला विकास प्राधिकरण और नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि इस दौरान क्षेत्र में कोई भी नई कॉलोनी या नई प्लाटिंग व अतिक्रमण न हो। उन्होंने इस सम्बन्ध में ग्रामीणों को भी अवगत कराया। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को भी निर्देश दिए कि जंगल की सीमा में फायर लाइन तैयार कर ली जाए और किसी भी कीमत पर जंगल की तरफ अतिक्रमण न होने दिया जाए।
बैठक में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने अवगत कराया कि दमूवाढ़ूंगा वासियों को मालिकाना हक दिलाने हेतु वह लगातार प्रयासरत हैं। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मिलकर वार्ता की है। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त से कहा कि जब तक मलिकाना हक नहीं मिल जाता है उन्हें आवश्यक सुविधा व लाभ मिलते रहें। इस दौरान दमुआढूंगा वासियों का कहना था कि वह नगर निगम को भवन कर देने के लिए सहमत हैं। इस सम्बन्ध में नगर आयुक्त ने अवगत कराया कि भवन कर के सम्बन्ध में शीघ्र ही सर्वे का कार्य कराया जाएगा।
इस दौरान डीएफओ दिगंत नायक, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी ऋचा सिंह, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, पूर्व ग्राम प्रधान दमूवाढ़ूंगा महेश जोशी, शिव गणेश, विजय कुमार पूर्व ग्राम प्रधान, देवीदयाल उपाध्याय, मुन्नी बिष्ट, हृदेश कुमार, महेशानन्द, फकीर राम, कैलाश, भैरव जोशी, नंदलाल, रोहित मौर्य, भुवन चंद्र, चंदन भाकुनी, कमल शाह, पान सिंह नेगी आदि उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें