मुजफ्फरपुर (बिहार)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 16 साल की किशोरी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे ने किशोरी के दोनों पैरों में लोहे की कीलें ठोक शव को नमक डालकर मिट्टी में गाड़ दिया। किशोरी के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। मृतका की पहचान रीमा पुत्री स्व. रामबाबू राम निवासी ग्राम पिरौंछा थाना बेनीबाद के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि रीमा मंगलवार देर शाम से लापता थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने बुधवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। क्रूरता से की गई इस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मामला गायघाट थाना क्षेत्र के महुआरा गांव स्थित सियारी नदी के किनारे का है। यहां मिट्टी के नीचे पुलिस को लड़की का शव मिला। इसके बाद जब पुलिस की टीम ने जांच की तो पता चला कि उसके दोनों पैरों में कीलें भी ठोकी गई थी। जानकारी के अनुसार पुलिस एक खास सूचना पर सियारी नदी के किनारे पहुंची। शव को गड्ढे से बाहर निकालते ही पुलिस के होश उड़ गए। घटनास्थल से मृतका का घर दो किलोमीटर दूर है। इससे पहले परिजनों ने बेटी के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। जमीनी विवाद में किशोरी की हत्या की आशंका जताई थी। परिजनों ने मृतका के चचेरे भाई पर इस हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी परिवार फरार चल रहा है। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वहां ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल लिए। मृतका की मां ने बताया कि घर में केवल मां और बेटी ही रहती थी। उनका बेटा दिल्ली में रहता है और वहीं काम करता है।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि किशोरी दो दिन से लापता थी। पुलिस मामले में छानबीन कर रही थी। कहा कि मृतका के दोनों पैर में लोहे की बड़ी-बड़ी कीलें ठोक कर शव को गाड़ दिया गया था। किशोरी के शरीर पर चोट के निशान भी हैं। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असल कारण पता चलेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें