उत्तराखंड: कॉर्बेट के ढेला रेंज में बाघ ने वृद्धा को बनाया निवाला

खबर शेयर करें 👉

-ग्रामीण आदमखोर बाघ को पकड़ने की मांग पर अड़े, जाम लगाकर जताया आक्रोश

न्यूज निरपेक्ष रामनगर (उत्तराखंड)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेंज अंतर्गत जंगल में लकड़ी बीनने गई एक वृद्ध महिला पर बाघ ने हमला कर उसे मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मृतका का शव सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया और हमलावर बाघ को तुरंत पकड़ने की मांग की।

मृतका की पहचान 65 वर्षीय सूखिया देवी पत्नी चंदन सिंह, निवासी सांवल्दे पश्चिमी के रूप में हुई है। बताया गया कि सूखिया देवी शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने परिजनों और पड़ोसियों के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। उनके साथ उनकी शादीशुदा बेटी अनीता, बेटा अरुण, पड़ोसी देवेंद्र और अनीता की बच्ची रोशन भी मौजूद थे। जंगल में पहुंचने के बाद सभी लोग अलग-अलग जगह लकड़ी बीन रहे थे, जबकि सूखिया देवी कुछ दूरी पर थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक सूखिया देवी पर हमला कर दिया। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाघ वृद्धा को दबोचकर घने जंगल की ओर घसीट ले गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के बेटे अरुण ने ग्रामीणों और ढेला रेंज की बबलिया चौकी पर तैनात वन कर्मियों को जानकारी दी।

 सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगल के भीतर सर्च अभियान चलाया गया। वन कर्मियों ने कई हवाई फायर किए, जिसके बाद बाघ शव को छोड़कर जंगल में भाग गया। टीम ने सड़क से लगभग एक किलोमीटर अंदर जंगल से वृद्धा का क्षत-विक्षत शव बरामद किया। जब वन विभाग शव को लेकर जंगल से बाहर आया, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हमलावर बाघ को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं। मौके पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला, एसएसपी मंजुनाथ टीसी, उपनिदेशक राहुल मिश्रा, एसडीओ कालागढ़ अमित ग्वासीकोटी सहित पुलिस, प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब तीन घंटे बाद जाम खोला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण वन्यजीवों से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

Ad