एक महिला को बचाया गया, पति-पत्नी तथा तीन बच्चों के शव किए गए बरामद
शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद से चमोली के गौचर जा रहा था परिवार
न्यूज निरपेक्ष, ऋषिकेश। शादी समारोह में शामिल होने के लिए फरीदाबाद से चमोली के गौचर में जा रहे परिवार का वाहन (थार) अलकनंदा नदी में गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक महिला को बचाया गया है। वाहन में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। क्रेन से वाहन को नदी से निकाला गया। जिसमें पांच शव बरामद हुए। दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है।
मूल रूप से चमोली जिले का रहने वाला यह परिवार वर्तमान में फरीदाबाद (हरियाणा) में रह रहा था। वह रिश्तेदारी में मेहंदी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। बदरीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग से करीब 15 किलामीटर श्रीनगर की ओर बगवान के पास उनका थार वाहन करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद अलकनंदा नदी में समा गया। कार सवार एक महिला को रेस्क्यू कर लिया गया। उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन बच्चों समेत पांच अन्य के शव भी बरामद हो गए हैं। थार सवारों में दो महिला व चार पुरुष शामिल थे। इनमें अनीता नेगी का रेस्क्यू किया गया है, जबकि महिला का बेटा आदित्य व महिला की छोटी बहन मीनू गुसाई, उसके पति सुनील गुसाई समेत दो बच्चों की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक सभी लोग शनिवार सुबह तीन बजे अनीता नेगी के रुड़की स्थित निवास से रवाना हुए थे। अनीता नेगी के दो बच्चे हैं, जबकि पति आर्मी में हैं। अनीता अपनी बहन मीनू गुसाईं के परिवार के साथ बड़े बेटे को लेकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकली थी। उनकी छोटी बेटी रुड़की में ही है। मीनू नेगी व उसका परिवार फरीदाबाद में रहता है। गाड़ी मीनू के पति सुनील गुसाई चला रहे थे। ये दोनों बहनें अपनी मौसी के लड़के (भांजे) की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। मृतकों में सुनील गुसाई निवासी फरीदाबाद, मीनू पत्नी सुनील, सुजल पुत्र सुनील गुसाई उम्र15 वर्ष, निक्कू 12 वर्ष, आदित्य पुत्र मदन सिंह उम्र 17 वर्ष शामिल हैं।
देवप्रयाग थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि शनिवार सुबह करीब पौने सात बजे स्थानीन लोगों ने थाना देवप्रयाग में फोन से दुर्घटना की सूचना दी। देवप्रयाग से कीर्तिनगर की ओर करीब 15 से 16 किमी की दूरी पर बागवान से पहले यह हादसा हुआ है। जहां करीब 250 मीटर गहरी खाई में थार वाहन गिरा था। घटनास्थल पर सड़क काफी चौड़ी है। थार सड़क पर लगे सीमेंट के पैराफिट को तोड़कर खाई में गिरा है। संभवत: नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा। मौके पर एसडीआरएफ की टीम ने महिला को रेस्क्यू किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें