न्यूज निरपेक्ष, पौड़ी। जिले में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते मंगलवार को आंगनबाड़ी से घर लौट रहे चार वर्षीय मासूम बच्चे पर गुलदार ने हमला कर दिया था, हालांकि ग्रामीणों की समय पर हुई सतर्कता से बच्चा सुरक्षित बच गया। लोग अभी इस घटना से उबर भी नहीं पाए थे कि गुरुवार को एक बार फिर गुलदार ने हमला कर एक व्यक्ति की जान ले ली, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना पौड़ी जिले के गजल्ट गांव की है। यहां निवासी राजेन्द्र नौटियाल (45 वर्ष) रोजाना की तरह सुबह गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। वापस लौटते समय रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में राजेन्द्र नौटियाल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुलदार शव को घसीटकर समीप की झाड़ियों में ले गया। घटना की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया और लोग भय व आक्रोश से भर उठे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही घटनाओं के बावजूद वन विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि अधिकारी केवल औपचारिक दौरा कर चले जाते हैं, जिससे ग्रामीणों का असंतोष बढ़ता जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक डीएफओ स्वयं गांव में आकर स्थिति का आकलन नहीं करेंगे और ग्रामीणों से संवाद नहीं करेंगे, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे तथा मृतक का शव अंतिम संस्कार के लिए नहीं ले जाने देंगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक राजेन्द्र नौटियाल के छोटे-छोटे बच्चे हैं और वे दूध बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। अचानक हुई इस दुखद घटना ने परिवार को गहरे सदमे और आर्थिक संकट में डाल दिया है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार और वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में आतंक फैला रहे गुलदार को नियंत्रित कर लोगों को सुरक्षा दी जा सके।

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
संपादक – न्यूज़ निरपेक्ष
फोन: +91 80063 33100
अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें
