उत्तराखंड में 4 दिसंबर से बदल सकता है मौसम

खबर शेयर करें 👉

-: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना, सूखी ठंड से बढ़ी दिक्कतें

न्यूज निरपेक्ष, देहरादून। उत्तराखंड में लगभग दो महीने से बारिश–बर्फबारी न होने के कारण मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। इसके चलते दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर बना हुआ है। दिन में हल्की गर्माहट तो बरकरार है, लेकिन रातें लगातार ठंडी होती जा रही हैं। सामान्य तापमान में गिरावट न आने से सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है।

तापमान के ताज़ा आँकड़ों के अनुसार, सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 25°C, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 7.8°C दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में भी असामान्य तापमान देखा गया। नई टिहरी में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर 20.6°C और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा 9.3°C रिकॉर्ड किया गया।

मुक्तेश्वर में भी दिन और रात दोनों तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहे—अधिकतम 21.3°C और न्यूनतम 9.3°C। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अक्तूबर से अब तक लगातार अच्छी धूप मिलने के कारण अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान बढ़ रहे हैं। 3 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 दिसंबर से बदलाव की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है। यह मौसम 7 दिसंबर तक बना रह सकता है।

Ad